नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद, अमन-चैन और भाईचारे की दुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-21 स्थित जामा मस्जिद में ईद का पर्व पूरे उत्साह और अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिद में एकत्रित हुए और नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने नए कपड़े पहनकर त्योहार को खुशी और उल्लास के साथ मनाया।
मस्जिद के इमाम मौलाना नदीम अहमद काश्मी ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से समाज में शांति बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।
इस दौरान मस्जिद परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
नमाज के बाद मीठी सेवइयां और अन्य पकवान वितरित किए गए। वहीं गांव दबकौरी, आसरेवाली और टिब्बी में भी ईद की खुशियां और रौनक देखने को मिली।