प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब में जहरीली शराब कांड के मामले में केस दर्ज कर जांच करने का फैसला किया है। ईडी ने सात जिलों के एसएसपी को पत्र लिखकर जहरीली शराब कांड में अब तक की गई कार्रवाई का सारा रिकार्ड तलब कर लिया है।
सातों एसएसपी को यह रिकार्ड ईडी के जालंधर कार्यालय में जमा कराने को कहा गया है। उल्लेखनीय है कि पंजाब में जहरीली शराब कांड में 121 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और इस मामले में 75 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस की दो विशेष जांच टीमों (एसआईटी) किया गया है, जो इस कांड में दर्ज एफआईआर पर तेजी से कार्रवाई पूरी करने से साथ-साथ राज्य में अवैध और नकली शराब के तंत्र को ध्वस्त करने का काम संभालेंगी। इस पूरे मामले में कार्रवाई के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नकली शराब में इस्तेमाल की जाने वाली स्प्रिट, देसी शराब, लाहन आदि बरामद हुए थे।
जहरीली और अवैध शराब के मामले में 116 से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं। इस बीच, ईडी ने इस पूरे मामले के पीछे पैसे के खेल को खंगालने का फैसला किया है। ईडी यह जानना चाहती है कि अवैध शराब के कारोबार में पैसा कौन और किसके जरिये लगा रहा है। साथ ही, इस पैसे का बंटवारा किन स्तरों पर हो रहा है। यह भी गौरतलब है कि पंजाब में लॉकडाउन में शराबबंदी के समय शराब की भारी मात्रा में तस्करी के मामले की जांच भी शुरू की है और इससे संबंधित दस्तावेज पंजाब पुलिस और एक्साइज विभाग से तलब किए हैं।