हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से करवाई गई ई-ऑक्शन को दो दिन बीत चुके हैं। लेकिन अब तक प्रापर्टी के मालिकाना हक की जानकारी अब तक नहीं दी गई है। साथ ही यह भी जानकारी नहीं दी गई कि हुडा ने ई-ऑक्शन से कितना रेवेन्यू अर्जित किया।
दो पक्षों में विवाद के कारण ऐसा नहीं हो पाया है। इसमें एक पक्ष की बोली सफल हुई और दूसरा पक्ष अंतिम समय में 20 मिनट तक सर्वर डाउन होने के कारण बोली नहीं लगा सके। हुडा का यह ऑनलाइन ई-ऑक्शन एक सर्विस प्रोवाइडर द्वारा करवाया गया। इसमें दो बार सर्वर डाउन हुआ। हुडा के अधिकारियों के अनुसार, सर्विस प्रोवाइडर ने फाइल हुडा को भेज दी है और फाइल को फाइनल अप्रूवल के लिए भेजा गया है।
हालांकि सूत्र बताते हैं कि हुडा के उच्चाधिकारियों के पास जो फाइल भेजी गई है, उसको लेकर समीक्षा चल रही है कि ई-ऑक्शन दोबारा करवाया जाए या जिन साइट्स पर बोली के अंतिम समय सर्वर डाउन हो गया, उनके लिए दोबारा बोली लगवाई जाए।
संपदा विभाग ने ई-ऑक्शन की जो रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है, उसमें सर्वर डाउन होने से लेकर अन्य पहलुओं की जानकारी दी गई है। ई-ऑक्शन करवाने वाली कंपनी ने भी अपना डाटा हुडा को सौंप दिया है।
संपदा विभाग का कोई भी अधिकारी इस संबंध में कुछ बोलने से कतरा रहे हैं, क्योंकि हरियाणा प्रॉपर्टी डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने ई-ऑक्शन के अंतिम समय सर्वर डाउन होने को लेकर अपना विरोध जताया है। हुडा के संपदा अधिकारी मनीष लोहान ने बताया कि फिलहाल फाइल उच्चाधिकारियों के पास गई है। वहां से जो अप्रूवल आएगी, उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।