बिजली आपूर्ति ठप, मंदिर परिसर में गिरा टेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। देर रात शुरू हुई तेज बारिश और आंधी-तूफान ने कालका और आसपास के गांवों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर बिजली के ट्रांसफाॅर्मर और खंभे गिर गए, वहीं तारें टूटने से अनेक इलाकों में रात से लेकर सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सर्द हवाओं के कारण शहर में कई दुकानदारों ने सुबह से ही दुकानें बंद रखीं।
बिजली निगम की ओर से तूफान के दौरान लोगों को खिड़कियों से दूर रहने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
तेज हवाओं के कारण कालका बस अड्डे के सामने हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के इलाकों में देर शाम तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसी दौरान बस स्टैंड के सामने एक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
काली माता मंदिर परिसर में उखड़ी चादरें, टेंट गिरा
कालका स्थित काली माता मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान लगाई गई लोहे की चादरें उखड़ गईं। वहीं परिसर में लगा ट्रेस टेंट भी गिर पड़ा। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर प्रशासन को कुछ देर के लिए श्रद्धालुओं के दर्शन पर रोक लगानी पड़ी।
खुदाबक्श रोड रहा बंद, आवागमन प्रभावित
इसके अलावा खुदाबक्श रोड पर बिजली के खंभों पर पेड़ गिरने के कारण मार्ग काफी देर तक बंद रहा, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं के चलते अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने और नुकसान की खबरें सामने आती रहीं। खबर लिखे जाने तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
कोट
बारिश और तूफान के चलते कई जगह बिजली के खंभों पर पेड़ गिरे और कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर गिरने से शहर व गांवों में बिजली गुल हो गई थी। कर्मचारियों द्वारा बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य प्रगति पर है।
- रविन्द्र, एसडीओ, बिजली निगम कालका