संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। बीमारी के कारण दुबई में फंसे ब्लाॅक हाजीपुर के गांव सीपारियां निवासी हरमेश लाल भारत लौट आया है। गत दिनों ब्लॉक हाजीपुर के गांव सीपारियां निवासी रमनदीप कौर ने पूर्व चेयरपर्सन जसविंदर कौर तथा पूर्व सरपंच सुशील कुमार के साथ अपने पति के भारत वापसी के बारे में भाजपा के पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना से भेंट की थी।
रमनदीप ने खन्ना को बताया था कि उसका पति हरमेश लाल दुबई में गंभीर रूप से बीमार है तथा वहां के एक अस्पताल में है। हरमेश लाल की सेहत ज्यादा खराब होने के चलते वह दुबई में काम करने योग्य नहीं है और केंद्र सरकार की मदद के बिना उसे भारत नहीं लाया जा सकता। रमनदीप कौर की व्यथा सुनकर खन्ना ने तुरंत फोन द्वारा व्यक्तिगत तौर पर एक भाजपा कार्यकर्ता अमनिंदर सिंह को दुबई में संपर्क किया। साथ ही अपने कार्यालय के माध्यम से उन्होंने तुरंत यह मामला केंद्र सरकार के ध्यान में लाया था। खन्ना के प्रयासों से भारत सरकार ने मामले में मदद का हाथ बढ़ाया और हरमेश लाल दुबई से भारत अपने परिजनों के पास लौट आया है।
रमनदीप कौर, पूर्व चेयरपर्सन जसविंदर कौर तथा पूर्व सरपंच सुशील कुमार ने केंद्र सरकार व खन्ना का धन्यवाद किया है। उक्त मामले में केंद्र सरकार की फौरी करवाई के अलावा अमनिंदर सिंह ने भी काफी मदद की।