संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। मोगा के गांव मालके में सोमवार सुबह रंजिश के चलते करीब 15 से 20 हमलावरों ने दो सगे भाइयों पर तलवारों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। दोनों भाइयों को घर से बाहर बुलाकर उन पर बेरहमी से वार किए गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मले में गंभीर रूप से घायल हुए गुरमीत सिंह और उनके बड़े भाई बिक्रम सिंह को तुरंत मोगा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि गुरमीत सिंह गांव मालके के मौजूदा पंचायत सदस्य हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष आप से जुड़े हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना समालसर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जख्मी गुरमीत सिंह ने बताया कि उसका किसी से भी कोई रंजिश नहीं है। वह गांव के मौजूदा सरपंच के साथ रहता है और वर्तमान पंचायत का सदस्य भी है। सोमवार सुबह उसे यह कहकर बुलाया गया कि बाहर कोई झगड़ा हो रहा है। जैसे ही वह अपने घर से थोड़ी दूर स्थित मिठाई की दुकान पर पहुंचा, उस पर तलवारों से हमला कर दिया गया। जब उसका बड़ा भाई वहां आया तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। गुरमीत ने बताया कि मौजूदा सरपंच राजा और टीकू के बीच आपसी रंजिश चल रही है। दोनों पहले एक ही पार्टी से थे लेकिन पंचायत चुनाव के समय अलग-अलग चुनाव लड़े। चुनाव में राजा सरपंच बन गया जबकि टीकू हार गया।
थाना प्रभारी (एसएचओ) कमलजीत सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह गांव मालके से सरपंच की ओर से सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने गांव के पंचायत सदस्य और उसके भाई पर हमला कर दिया है, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। घटना की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। गुरमीत सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।