बैठक में कुल 23 परिवाद रखे गए थे, इनमें से 10 पुराने और 13 नए परिवाद शामिल रहे, लोगों का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई कष्ट निवारण समिति की बैठक में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अजय सिंह यादव और विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने लोगों की शिकायतें नहीं निपटाने पर अधिकारियों को खरीखरी सुनाई। उन्होंने कई मामलों में जांच के लिए उन्होंने कमेटी बनाने के भी आदेश दिए। बैठक में कुल 23 परिवाद रखे गए थे। इनमें से 10 पुराने और 13 नए परिवाद शामिल रहे। बिजली-पानी के कनेक्शन, झूठी शिकायत देने वाले पर कार्रवाई नहीं करने के अलावा अन्य मामलों में डीटीपी, एचएसआईआईडीसी और पुलिस अधिकारियों पर नाराजगी प्रकट की।
सेक्टर-4 पंचकूला निवासी शंकर धवन ने शिकायत में बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर बरवाला के औद्योगिक क्षेत्र में फर्टिलाइजर पैक करने के बैग बनाने की यूनिट लगाई। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी उसे बिजली और पानी के कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। बैंक लोन की किस्त शुरू हो गई है, मगर उत्पादन शुरू नहीं हो पाया है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि जब बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर ही तैयार नहीं किया है तो प्लॉटों की नीलामी क्यों कर रहे हो। इस पर अधिकारी ने कहा कि सड़क और सीवर जैसी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा चुकी है। विस अध्यक्ष ने कहा कि उद्योगों के लिए सबसे जरूरी बिजली और पानी है। उन्होंने उपायुक्त को भी निर्देश दिए कि वे एचएसआईआईडीसी को पत्र लिखें कि जब तक बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार नहीं होता, तब तक प्लॉटों की नीलामी न की जाए। बैठक में उपायुक्त महावीर कौशिक, एडीसी वर्षा खनगवाल, डीसीपी सुमेर प्रताप सिंह, मेयर कुलभूषण गोयल, जजपा जिला शहरी अध्यक्ष ओपी सिहाग आदि उपस्थित रहे।
पैसे नहीं देने वालों को अफसर करते हैं परेशान
डीटीपी के पत्र के कारण गांव बाड़ के परिवारों को बिजली कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। यह शिकायत लेकर पहुंचे गांव बाड़ के सरपंच मुन्नीलाल और अन्य ग्रामीणों ने डीटीपी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। डीटीपी जयदीप ने नियमों का हवाला दिया। इस पर मंत्री अजय सिंह यादव ने कहा कि वे अपने अधिकारों का गलत प्रयोग कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिजली कनेक्शन रोकने या देने का फैसला लेने का अधिकार आपको किसने दिया। उन्होंने बिजली निगम के एक्सईएन को तुरंत कनेक्शन देने के निर्देश दिए।
झूठी शिकायत करने वाले पर कार्रवाई में देरी पर भड़के
गांव अभयपुर निवासी आनंद, राहुल और ज्योति ने बताया कि गांव की ही महिला काजल ने उन पर जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। पुलिस से एससी एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की जबकि वो महिला स्वर्ण जाति से संबंध रखती है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने एक सप्ताह में मामले में इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस पर एसीपी किशोरीलाल ने कहा कि इसमें कम से कम 15 दिन लग जाएंगे। यह सुनकर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि आप हमें मत बताओ किस काम में कितना समय लगता है। एक सप्ताह में इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस पर एसीपी ने कार्रवाई करने की हामी भरी।
ईओ बोले हटा दिया अतिक्रमण, पार्षद बोले-पांच मिनट पहले की फोटो
गांव सकेतड़ी और भैंसा टिब्बा में सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे के संबंध में एचएसवीपी के ईओ मानव मलिक ने जवाब दिया कि उन्होंने जेसीबी की मदद से अवैध कब्जा हटा दिया है। इस पर शिकायतकर्ता नगर निगम वार्ड-1 के पार्षद नरेंद्र लुबाना ने मोबाइल में फोटो दिखाते हुए कहा कि ये पांच मिनट पहले के फोटो हैं। इस पर मंत्री अजय सिंह यादव और विधानसभा अध्यक्ष ने वहां दोबारा से टीम भेजकर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
कई मामलों में कमेटी बनाने के निर्देश
बैठक में शामिल किए गए कई परिवादों के समाधान के लिए कमेटी बनाने के निर्देश उपायुक्त को दिए गए। गांव टिब्बी माजरा में क्रशर का पानी नदी में गिरने के मामले में, गलत तरीके से की गई एक रजिस्ट्री के मामले में, जमाबंदी में महिला का नाम नहीं होने के मामले सहित कई मामलों में कमेटी बनाने के निर्देश विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री ने दिए।