डीआईजी बोले- मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने में मिली सफलता, युवाओं को जोड़ने पर जोर
26 जून तक प्रदेशभर में चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ अभियान के तहत सोमवार को इंद्रधनुष ऑडिटोरियम के कॉन्फ्रेंस हॉल में जागरूकता एवं विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने और युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डीआईजी सुनील दलाल ने कहा कि हरियाणा में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को काफी हद तक तोड़ा जा चुका है और भविष्य में इसे पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से होने वाली अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति रोकने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने के लिए पंचकूला पुलिस व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। इस मुहिम में युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य वक्ता डॉ. लीजु ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया। वहीं, डीएसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि नशामुक्ति केंद्रों को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि स्वस्थ हरियाणा के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
कार्यक्रम में आईटीआई और राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। आयोजन में इंस्पेक्टर मांगे राम का विशेष सहयोग रहा, जबकि मंच संचालन पीआरओ आउटरीच राजीव रंजन ने किया।
उल्लेखनीय है कि 11 जून से शुरू हुआ ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ अभियान 26 जून तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में चलेगा। अभियान का समापन फरीदाबाद में होगा।