पंचकूला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की वार्षिक परीक्षाओं में नियमित विद्यार्थियों के लिए डेस कोड निर्धारित किया गया है, इसमें विद्यार्थियों को स्कूल की वर्दी में परीक्षा देनी होगी। ड्रेस में आने पर ही विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड के साथ स्कूल पहचान-पत्र लाना होगा। सीबीएसई ने 10वीं, 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक ने बताया कि सीबीएसई 10वीं या 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड का पालन करना जरूरी है। इसमें नियमित और प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग नियम बनाए गए हैं। नियमित विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर परीक्षा केंद्र जाने की सलाह दी गई है। प्राइवेट विद्यार्थी हल्के और सहज कपड़े पहनकर केंद्र जा सकते हैं। उन्हें फैशनेबल कपड़े पहनकर न जाने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने कहा कि विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों का पालन करना चाहिए। अगर कोई छात्र परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग करता पाया जाता है, तो उसे सभी विषयों में वर्तमान और अगले वर्ष की परीक्षा देने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। उन्हें अगले वर्ष केवल पूर्ण विषय की परीक्षा देने की अनुमति होगी।
कल से शुरू होंगी सीबीएसई परीक्षाएं
सीबीएसई बोर्ड 10वीं, 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो जाएंगी। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा एडमिट कार्ड कुछ दिन पहले जारी कर दिए गए थे। विद्यार्थी अपने एडमिट कार्ड स्कूल से प्राप्त कर सकते हैं। विद्यार्थियों को ड्रेस कोड समेत सभी निर्देशों का पालन करना होगा। विद्यार्थी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के दिशा-निर्देश सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी देख सकते हैं। सीबीएसई बोर्ड स्कूलों से संबद्ध प्राइवेट विद्यार्थियों को अपने एडमिट कार्ड खुद ही डाउनलोड करने होंगे। इसके लिए सीबीएसई की परीक्षा संगम वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
परीक्षार्थियों को इन निर्देशों का करना होगा पालन-
-विद्यार्थियों को स्कूल की वर्दी में ही आना होगा। साथ ही सीबीएसई से जारी एडमिट कार्ड और स्टेशनरी आइटम के अलावा स्कूल का पहचान-पत्र लाना होगा। उनका सत्यापन इसी से किया जाएगा।
- सीबीएसई के प्राइवेट विद्यार्थी परीक्षा केंद्र के अंदर एडमिट कार्ड के साथ सरकारी फोटो आईडी (वोटर आईडी, आधार कार्ड या पासपोर्ट) लेकर जा सकते हैं।
- विद्यार्थी ट्रांसपेरेंट पाउच में स्टेशनरी का सामान, नीला पैन, स्कूल, राइटिंग पैड, इरेजर लेकर जा सकते हैं।
- परीक्षार्थी हाइड्रेशन के लिए पानी की ट्रांसपेरेंट बॉटल लेकर आ सकते हैं। बोतल को किसी कवर में भी न रखें।