माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-17 की इंदिरा काॅलोनी में दिवाली की रात करीब 11.30 बजे ड्रम में पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल को पंचकूला सेक्टर-6 के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उपचार के दौरान उसके पेट, कंधे और अन्य जगह आठ टांके लगे हैं।
पीड़ित की पत्नी संगीता ने बताया कि इंदिरा काॅलोनी में वीरवार की रात पड़ोस का एक लड़का घर के बाहर रखे प्लास्टिक के ड्रम में बिना पूछे पटाखा जलाने लगा। कुछ देर बाद वे लोग नए ड्रम में पटाखा जलाने लगे तो उसके पति सुनील ने विरोध जताकर ड्रम छीन लिया। कुछ देर बाद गुस्से में आकर उसके पड़ोसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही सुनील ने दरवाजा खोला तो उसका पड़ोसी दो-तीन युवकों को लेकर उसके घर में घुस गया। उसने सुनील पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस घायल को अस्पताल लेकर गई
पीड़ित की पत्नी संगीता ने बताया कि आरोपी उसके पति पर चाकू से हमला कर फरार हो गया। इसके बाद वह पुलिस से मदद मांगने सेक्टर-16 पुलिस चौकी पहुंची। मदद करने से इनकार करने पर संगीता चौकी से बाहर मुख्य सड़क पर निकलकर चीखने और चिल्लाने लगी। इससे वहां भीड़ जुटनी शुरू हुई और पुलिस के मुलाजिम भी पुलिस चौकी बाहर निकले। इसके बाद सुनील को पुलिस मुलाजिम सेक्टर-6 के अस्पताल तक लेकर गए। उसने आरोप लगाया है कि घटना के 12 घंटे बाद भी पुलिस अस्पताल में बयान लेने पहुंची। संगीता ने बताया कि अभी पुलिस वाले कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं।
पुलिस पीड़ित सुनील का बयान लेने पंचकूला सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में गई थी, लेकिन वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। बयान दर्ज होते ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - मान सिंह, इंचार्ज, सेक्टर-16 पुलिस चौकी पंचकूला।