अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने एससी विद्यार्थियों की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित मामलों के निपटारे का अंतिम मौका दिया है। इसके तहत डॉ. आंबेडकर छात्रवृत्ति पोर्टल 17 सितंबर तक दोबारा खोला गया है। नए व नवीनीकरण लंबित मामलों का सत्यापन होगा।
संस्थानों को 14 सितंबर तक त्रुटियां दूर कर मामले अनुमोदन प्राधिकारियों को भेजने होंगे। प्राधिकारी 16 तक प्रस्ताव विभागों को भेजेंगे। विभाग 17 सितंबर तक सत्यापित प्रस्ताव सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग को भेजेंगे। सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 2.70 लाख एससी विद्यार्थियों को लाभ देने का लक्ष्य रखा है। अब तक 2,45,154 मामलों का सत्यापन हुआ है।
राज्य सरकार 2,41,970 विद्यार्थियों को 40 फीसदी हिस्से की राशि जारी कर चुकी है। मंत्री बलजीत कौर ने समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की ताकि आर्थिक या प्रक्रियागत देरी से कोई पात्र एससी विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित न हो।