पंचकूला। शराब के ठेकों को रात 10 बजे और अन्य जरूरी दुकानों को शाम 7 बजे बंद करने के आदेश का लोगों में नाराजगी है। सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर और महासचिव सुनील जैन ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस आदेश को वापस लेकर संशोधित आदेश पारित किया जाए, ताकि इसका लोगों के बीच गलत संदेश न जाए। एसोसिएशन ने मांग की है कि दवाई, दूध सहित अन्य जरूरी सामानों की दुकान बंद करने का समय भी रात दस बजे तक किया जाए।
एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर का कहना है कि शराब के ठेकों को रात दस बजे तक खोलने की क्या आवश्यकता है। एसोसिएशन ने विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, संजीव कौशल मुख्य सचिव हरियाणा, रेणुका फुलिया आयुक्त अंबाला रेंज और महावीर कौशिक उपायुक्त पंचकूला को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि इन आदेशों को तुरंत जनहित में विचार कर एक समान नियमों का पालन कराएं। अन्यथा बाकी सभी दुकानों को शाम 8 बजे और जरूरी सामग्री वाली दुकानों को भी 10 बजे तक खोला जाए।