पंचकूला। प्रदेश सरकार ने फायर अफसर गुरमेल सिंह का तबादला कर दिया है, क्योंकि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के औचक निरीक्षण के दौरान फाइलों में काफी खामियां मिली थीं। उन्होंने इस मामले की विभागीय अधिकारियों को जांच के भी निर्देश दिए थे। विधानसभा अध्यक्ष ने फायर ऑफिस में निरीक्षण कर फायर एनओसी जारी करने में देरी की शिकायत पर किया था।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय और फाइलों में अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में सेवारत कई कर्मचारी भी अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर मिले थे, इसका कारण बताने में वहां मौजूद अधिकारी असमर्थ रहे। ज्ञानगुप्ता ने बताया था कि उन्हें काफी समय से पंचकूला के बिल्डरों और उद्योग जगत से जुड़े लोग फायर कार्यालय के विरुद्ध शिकायत कर रहे थे। लोगों का कहना था कि फायर स्टेशन सेक्टर-5 में बिना किसी कायदे-कानून के कार्य किया जा रहा है।
कुछ एनओसी दो दिन में जारी कर दी जाती है, कुछ को बिना किसी कारण के 3-4 महीने तक लंबित रखा जाता है। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली सरकार लोगों को पारदर्शी तरीके से एक तय समयावधि में सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है और इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग को फायर कार्यालय की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने फायर ब्रिगेड कार्यालय के अधिकारियों को सचेत किया था कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं व फायर एनओसी जारी करने की प्रक्रिया को और सरल बनाएं ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।