पंचकूला। सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के गांव कुंडी में दो साल पहले फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले युवक शोलभित की मौत के कारण खुलासा अब हुआ है। मोबाइल फोन की चैट और ऑडियो मैसेज ने पूरे मामले की परतें खोल दी हैं। इसमें सामने आया है कि युवक ने आरोपी महिला की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शोलभित मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिले हरदोई के संडीला का रहने वाला था और पंचकूला के गांव कुंडी में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। पिछले साल 14 सितंबर 2023 को उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी थी। उस समय शोलभित का छोटा भाई भी पंचकूला में काम कर रहा था। घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन यह मानकर वापस लौट गए थे कि शायद बेटे ने किसी निजी परेशानी के चलते यह कदम उठाया होगा।
लेकिन बाद में जब शोलभित का मोबाइल खंगाला गया, तो उसमें एक महिला के भेजे गए ऑडियो और चैट मिले, जिनमें वह युवक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती दिखाई दी। परिजनों का आरोप है कि महिला की शोलभित से जान-पहचान थी और वह समय-समय पर पंचकूला भी आती थी। महिला ने युवक को जाल में फंसाकर उसे मानसिक रूप से इतना परेशान किया कि उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। शुरुआत में परिजनों ने हरदोई थाने में मामला दर्ज कराया था, लेकिन जांच के दौरान पुष्टि हुई कि घटना स्थल पंचकूला है। इसके बाद केस को पंचकूला पुलिस को सौंपा गया। जांच के आधार पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने अब उत्तर प्रदेश निवासी महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।