अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नशा तस्करों की आलीशान कोठियों पर बुलडोर की कार्रवाई के अलावा पंजाब पुलिस ने अब तस्करों की संपत्तियां भी अटैच करनी शुरू कर दी हैं। पुलिस ने अब तक करीब 80 नशा तस्करों की जमीनों पर कार्रवाई की है। नशा तस्करी से कमाए पैसों से करोड़ों रुपये की अलग-अलग जगहों पर जमीन खरीदने के रिकॉर्ड खंगाल कर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मानें तो तस्करों की कोठियों के अलावा पुलिस ने जमीनों को अटैच किया है। इनका रिकॉर्ड राजस्व विभाग को भी रेड एंट्री के लिए भेज दिया गया है, ताकि भविष्य में इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त न हो सके। उधर, पुलिस ने बुधवार को 130 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे में से 2 किलो हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और 62,580 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। अब तक पुलिस 23,168 नशा तस्करों को दबोच चुकी है।
स्पेशल डीजीपी कानून और व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि 86 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी अधीन 1400 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की 180 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 444 स्थानों पर छापे मारे। इसके चलते राज्य भर में 98 एफआईआर दर्ज की गईं। दिन भर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 469 शक्की व्यक्तियों की जांच भी की।