चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में जल्द ही आम आदमी पार्टी जॉइन करेंगे। इसको लेकर खुद डिंपी ढिल्लों ने सार्वजनिक तौर पर संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है डिंपी ढिल्लों 28 अगस्त को चंडीगढ़ स्थित पंजाब सीएम आवास पर उनसे मुलाकात करेंगे। डिंपी ढिल्लों के साथ उनके कई समर्थक भी आप में शामिल होंगे। बीते दिनों शिअद के बंगा से विधायक रहे डॉ. सुखविंदर सिंह सुक्खी ने आप का दामन थामा था। शिअद का कैडर लगातार बिखरता जा रहा है। ज्यादातर नेता आप में शामिल हो रहे हैं, जबकि कुछ सीनियर लीडरों ने शिअद सुधार लहर के नाम पर अपना अलग धड़ तैयार कर लिया है, जोकि पार्टी सुप्रीमो सुखबीर बादल को प्रधान पद से लगातार हटाए जाने की मांग कर रहे हैं। डिंपी ढिल्लों गिद्दड़बाहा से वरिष्ठ नेता और हलका प्रभारी रहे हैं।
शिअद प्रमुख सुखबीर बादल ने सोमवार को लंबी में एक कार्यक्रम में सार्वजनिक तौर पर कहा कि पार्टी के पूर्व गिद्दड़बाहा हलका इंचार्ज हरदीप सिंह ढिल्लों पार्टी छोड़ने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। सुखबीर ने गिद्दड़बाहा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कहा कि झूठी, मनगढ़ंत और निराधार अफवाहें फैलाई गई हैं कि आगामी उपचुनाव में अकाली दल गिद्दड़बाहा से भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बादल को मैदान में उतारेगा।
सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल और उसके आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति मेरी प्रतिबद्धता मेरे परिवार से भी अधिक है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरे मन में इस बात को लेकर कोई संदेह नहीं था कि हरदीप ढिल्लों आगामी उपचुनावों में गिद्दड़बाहा से पार्टी के उम्मीदवार रहेंगें। अगर ढिल्लों ने किसी निजी स्वार्थ के कारण अपनी पार्टी और अपने कार्यकर्ताओं से मुंह मोड़ने का फैसला किया है, तब भी अकाली दल गिद्दड़बाहा से अपने उम्मीदवार के बारे में दस दिन बाद फैसला करेगा।