पंचकूला। नगर निगम की तरफ से जल्द ही विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। यह बस लोगों को कम दामों पर विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की सैर करवाएगी। मेयर कुलभूषण गोयल ने इलेक्ट्रिक बस या अन्य बस खरीदने के निर्देश दिए हैं। मेयर ने कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार को निर्देश देकर कहा है कि जल्द बस खरीदने की प्रक्रिया अमल लाई जाए। इसके लिए विभिन्न कंपनियों से निविदाएं मांगी जाएंगी कि जिसके बाद सस्ती और बेहतर सुविधाओं वाली बस खरीदी जाएगी।
बस खरीदने के बाद इसकी बुकिंग प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। कुलभूषण गोयल ने बताया कि लोगों की मांग को देखते हुए यह बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है। बस को एक निर्धारित जगह पर खड़ा रखेंगे और वहीं पर वापस यात्रियों को छोड़ा जाएगा। कोरोना खत्म होने तक बस खरीदने और रूट की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। बस शुरू करने से पहले लोगों से भी राय मांगी जाएगी कि कहां से बस सेवा शुरू की जाए, जहां की सर्वाधिक मांग होंगी, उन रूटों पर अधिक बस चलाई जाएगी।
मेयर बुजुर्गों को करवाते हैं धार्मिक यात्रा
मेयर कुलभूषण गोयल अपने स्तर पर भी अमरनाथ अग्रवाल धार्मिक स्थल यात्रा चला रहे हैं, लेकिन कोरोना के चलते फिलहाल यह बस सेवा बंद कर रखी है, लेकिन कोरोना संकट हटते ही यह सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी। इस निशुल्क धार्मिक यात्रा में वृंदावन, हरिद्वार, आनंदपुर साहिब, ज्वालाजी, चिंतपूर्णी, नैना देवी, अग्रोहा एवं सालासर धाम, स्वर्ण मंदिर, दुर्गायाना मंदिर एवं जलियांवाला बाग, शाकुम्भरी देवी मंदिर के दर्शन करवाए जाते हैं। लोगों को पहले बताया दिया जाता है कि किस सप्ताह बस कौन से धार्मिक स्थल को जाएगी। उसी हिसाब से बुजुर्ग अपने पसंदीदा धर्मस्थल पर जाने का मन बना लेते हैं। इसके बाद मनसा देवी गोधाम से धार्मिक बस यात्रा का जत्था शनिवार को विधिवत पूजन के बाद रवाना होता है।