रायपुररानी। कोरोना पीरियड में जनता को सरकारी राशन बांटने वाले डिपो होल्डर को कमीशन नहीं मिलने के कारण अपने परिवारों के लिए राशन खरीदने के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसे लेकर मार्केट कमेटी आफिस के बाहर क्षेत्र के सभी दुकानदारों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। डिपो होल्डर्स ने बताया कि सरकार द्वारा दी गई हिदायतों के मुताबिक सभी लोगों को बिना किसी राशि के उन्होंने राशन बांटा है मगर सरकार ने उनकी पूरी तरह से अनदेखी की है। डिपो होल्डर्स ने बताया कि उन्हें पूरे लॉकडाउन में मास्क, सैनिटाइजर और ग्लब्स नहीं बांटे गए। उनको अभी तक कोई फंड भी उपलब्ध नहीं करवाया गया है। डिपो होल्डर्स ने बताया कि राशन बांटने से मिलने वाली कमीशन से ही उनका परिवार का गुजारा चलता है। चार माह से बिना कमीशन के परिवार का गुजारा चलाना भी मुश्किल हो गया है। डिपो होल्डर्स ने अपनी मांगों को सीएम विंडो पर डालकर अपनी समस्या के समाधान की मांग की है। इस मौके पर राजबीर सिंह, विनोद कुमार, जय नारायण, प्रदीप कुमार, कमल कुमार, सुरेंद्र कुमार व अन्य डिपो होल्डर मौजूद रहे।
2017 में ऑनलाइन प्रणाली शुरू होने से पहले की चार माह और अब अप्रैल माह से कमीशन न रिलीज होने संबंधी रिपोर्ट कांफेड विभाग को भेजी हुई है। इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण डिपो होल्डर ने रायपुररानी कार्यालय के समक्ष एकत्रित हो रोष जताया है। - देवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर, फूड एंड सप्लाई विभाग