पंचकूला। लॉकडाउन से बंद पड़ी कालका और चंडीगढ़ से कुछ पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन अभी तक शुरू नहीं किया गया है। इनमें चंडीगढ़ से अंबाला के रास्ते नंगल डैम तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन, दिल्ली कालका पैसेंजर, हिमालयन क्वीन और एकता एक्सप्रेस, कालका बाड़मेर एक्सप्रेस शामिल हैं। ट्राइसिटी के लोगों की मांग है कि इन ट्रेनों का संचालन दूसरी ट्रेनों की तरह किया जाए ताकि इन ट्रेनों का लाभ उन्हें मिल सके। डेली पैसेंजर गुरमित सिंह, रविंदर सिंह, धरमवीर सिंह, संजय ने लोगों और एक्सप्रेस ट्रेनों को चलाने की मांग की है।
वहीं, पूर्वांचल सहित बिहार के लोगों ने रेलवे के अंबाला मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से सर्दी के दिनों में डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस चलाने की मांग की है। गोरखपुर निवासी विमलेश और मीना ने बताया कि चंडीगढ़ से बिहार के सिवान, छपरा, मुजफ्फरपुर के लिए महज एक डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन है, जिसकी वेटिंग लिस्ट भी ज्यादा है। इसके बाद भी रेलवे की ओर से डिब्रूगढ़ को बंद किया जा रहा है। बिहार निवासी पारूल ने बताया कि शताब्दी से ज्यादा ऑक्यूपेंसी डिब्रूगढ़ में होती है। इसके बाद भी डिब्रूगढ़ को रद्द किया जा रहा है। इसके अलावा चंडीगढ़-ऊंचाहार एक्सप्रेस चलाने की भी यात्री मांग कर रहे हैं।