बरवाला। गांव भगवानपुर से भरेली गांव को जोड़ने वाले लिंक सड़क मार्ग के निर्माण में खामियां छोड़े जाने पर ग्रामीणों में विभाग और ठेकेदार के प्रति रोष देखने को मिल रहा है।
गांव भगवानपुर के निवासी ताराचंद, बचना राम, गुरनाम सिंह, रणधीर सिंह, रविंद्र सिंह सहित अन्य ने बताया कि गांव भगवानपुर से भरेली गांव को जोड़ने वाली लिंक सड़क का निर्माण हाल ही में मंडी बोर्ड विभाग के ठेकेदार द्वारा सीमेंटेड टाइल बिछाकर किया गया था। लेकिन, ठेकेदार ने मार्ग के दोनों किनारों को टूटने से बचाने के लिए सीमेंटेड ब्लॉक नहीं लगाए, जिससे मार्ग के किनारे टूटने लगे हैं।
इतना ही नहीं, भरेली गांव के प्राथमिक और सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास सड़क के किनारों पर मिट्टी भरपाई करके छोड़ दिया गया है, जिससे फुटपाथ का रास्ता भी नहीं बन सका और सड़क के किनारे से धूल उड़ने की समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क निर्माण में खामियां पाए जाने पर ग्रामीणों में विभाग और ठेकेदार की कार्य प्रणाली को लेकर काफी नाराजगी है।
जल्द ठीक करवा दिया जाएगा
विभाग की ओर से सड़क निर्माण कार्य सही ढंग से किया गया है। अगर ग्रामीणों की ओर से कोई खामी सामने आती है तो उसे जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।- एसडीओ हेमंत शर्मा, मंडी बोर्ड विभाग