सर छोटू राम की जयंती पर मौजूद जाट समाज के लोग। संवाद
पंचकूला। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस (रिटायर्ड) रामेश्वर सिंह मलिक ने कहा कि दीनबंधु चौधरी छोटूराम किसान, मजदूर और छोटे दुकानदारों के हमदर्द थे। वे वास्तव में युगपुरुष थे। मलिक रविवार को सेक्टर-6 में जाट सभा द्वारा वसंत पंचमी एवं दीनबंधु छोटूराम की 144वीं जयंती पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने चौधरी छोटूराम का नमन कर कहा कि रहबरे-आजम चौधरी छोटूराम की बदौलत ही आज किसान अपने परिवार का पेट भर पा रहा है। उन्होंने किसान, मजदूर एवं गरीब वर्ग के हक एवं अधिकारों की लड़ाई लड़ी, तभी वे किसान मसीहा कहलाए। उन्होंने गरीब तबकों में चेतना पैदा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जाट सभा के अध्यक्ष हरियाणा के पूर्व डीजीपी डॉ. महेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि चौधरी छोटूराम हमेशा किसानों के हित की बात सोचते थे , इसलिए उनका जन्मदिन बसंत पंचमी के दिन मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि युग परिवर्तनकारी व क्रांतिकारी नेता के रूप में किसानों, मजदूरों, वंचितों के लिए अपनी आवाज बुलंद करने वाले चौधरी छोटूराम का समर्पित जीवन हमारे लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा। उन्होंने इस अवसर पर जाट सभा द्वारा करवाए जा रहे सामाजिक कार्यों के बार में विस्तार से बताया और कहा कि सभा द्वारा खेल और शिक्षा पर विशेष बल दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में कई शहीदों के परिवारों को भी सम्मानित किया गया। इनके अलावा, प्रतिभावान खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और कटरा (जम्मू कश्मीर) में निर्माणाधीन चौधरी छोटूराम सेवा सदन में एक लाख से अधिक दान देने वाले गणमान्य लोगों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर हरबंस सिंह, हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य साधुराम जाखड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।