कालका। खेड़ा सीताराम कालका में उस समय सनसनी फैल गई जब वहां एक शव मिलने की सूचना मिली। मृतक की शिनाख्त नवीन भट्ट (31) निवासी खेड़ा सीताराम के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पत्नी संगीता ने बताया कि उसकी नवीन से 4 साल पहले शादी हुई थी। उसके 3 साल की एक बेटी भी है। नवीन दिल्ली में जॉब करता था। शुक्रवार को वह कालका स्थित अपने घर आया था। रविवार को 4 बजे वह दिल्ली जाने के लिए घर से रेलवे स्टेशन के लिए निकला था। रात करीब दस बजे उसकी नवीन से फोन पर बात हुई थी।
उस दौरान नवीन ने बताया कि ट्रेन लेट है इसलिए वह बस से जाएगा। बस में बैठने के बाद वह उससे बात करेगा। इसके बाद उसने नवीन को कई बार फोन मिलाया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। सोमवार सुबह जब उसने नवीन को फोन किया तो फोन किसी और ने उठाया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने बताया कि नवीन बेसुध अवस्था में गुंजन कॉम्प्लेक्स के पीछे झाड़ियों में पड़ा हुआ है।
परिजनों ने पुलिस से मांग की कि कालका रेलवे स्टेशन व घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जाए ताकि वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सके। संवाद