पंचकूला। कोरोना के बढ़ते मामलों और ऑक्सीजन की खपत की जानकारी लेने उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा रविवार को सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पहुंचे। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लिया और विकास कार्यों की जानकारी भी ली। डीसी ने बताया कि फिलहाल डेढ़ टैंक ऑक्सीजन की खपत प्रतिदिन पंचकूला के अस्पताल में हो रही है।
इतना ही नहीं, जो भी मरीज हैं, उन सभी के बेड में ऑक्सीजन सपोर्ट है। गौरतलब है कि कोरोना मरीजों के लिए बने ऑक्सीजन प्लांट में रोजाना टैंकर पहुंच रहे हैं। इनकी देखरेख खुद डॉक्टर सरोज कर रही हैं। इसके साथ ही यहां के ऑक्सीजन प्लांट में सुरक्षा की व्यवस्था भी की गई है। इस मौके पर डीसी के अलावा जिले के प्रशासनिक अधिकारी और सीएमओ व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
रोजाना भरा जाता है ऑक्सीजन टैंक
जनरल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट में 6 टन का ऑक्सीजन टैंक लगा है। आम दिनों में इस ऑक्सीजन टैंक को तब भरवाया जाता था, जब इसमें एक से डेढ़ टन ऑक्सीजन रह जाती थी। पहले एक हफ्ते में इस टैंक को एक बार ही भरवाया जाता था। अब प्रतिदिन 2 हजार से 2500 क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन की खपत हो रही है।
इसके बाद हर सुबह 6 टन के ऑक्सीजन टैंक में करीब 5 टन लिक्विड ऑक्सीजन भरवाई जा रही है। जनवरी में सेक्टर-6 अस्पताल में ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का काम शुरू किया था। इस पर करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये खर्च होने हैं। इसे दिल्ली की कंपनी तैयार करेगी। इस प्लांट को फरवरी में ही शुरू कर दिया गया था, पर कंपनी की लेटलतीफी के कारण प्लांट अप्रैल बीत जाने के बाद भी यह ठप पड़ा है। यहां एक मिनट में 300 लीटर ऑक्सीजन तैयार हो सकेगी। इस स्थिति में 24 घंटे में 4 लाख 32 हजार लीटर ऑक्सीजन तैयार होगी।
अस्पताल में बढ़ाई जाएंगी सुविधाएं
डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि इस प्लांट का निरीक्षण और अस्पताल की सुविधाओं का जायजा लेने का उद्देश्य यहां की सुविधाएं जानकर इसमें इजाफा किया जाए। उन्होंने कहा कि फिलहाल, ऑक्सीजन, दवाइयों समेत अन्य सुविधाएं ठीक हैं। इसमें जो सुधार की गुंजाइश है उसको जल्द किया जाएगा। इसके साथ ही बेड की क्षमता को भी बढ़ाया जाएगा।