फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: नागरिक अस्पताल के 3.77 करोड़ के घोटाले में डाटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
-डीएनबी स्टाइपेंड बिलों में बदलाव कर सरकारी धनराशि बैंक खातों में ट्रांसफर करने का मामला
विज्ञापन


-पुलिस रिमांड के दौरान रिकवरी और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी पुलिस

संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) स्टाइपेंड बिलों में हेराफेरी कर 3.77 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी धनराशि के कथित गबन के मामले में सेक्टर-7 थाना पुलिस ने डाटा एंट्री ऑपरेटर राजेश मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रकम के लेन-देन, बिलों में की गई हेराफेरी और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाएगी।
बिलों में बदलाव से लेकर बैंक खातों तक की जांच
पुलिस जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि स्टाइपेंड बिलों में किस स्तर पर बदलाव किए गए और सरकारी धनराशि के हस्तांतरण की प्रक्रिया में किन लोगों ने मदद की। रिमांड के दौरान आरोपी से कथित गबन की रकम के बारे में पूछताछ और रिकवरी का प्रयास किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि भुगतान से जुड़े दस्तावेज कहां तैयार किए गए और रकम किन-किन बैंक खातों में भेजी गई।
विज्ञापन

इसके लिए अस्पताल प्रशासन से स्टाइपेंड बिलों, भुगतान विवरण, बैंक स्टेटमेंट और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं। सभी दस्तावेजों का मिलान कर यह पता लगाया जाएगा कि सरकारी खजाने से निकाली गई रकम कहां और किस माध्यम से पहुंची। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस काम में अस्पताल के अन्य कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति तो शामिल नहीं थे। पूछताछ में किसी अन्य की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
14 अक्टूबर को पुलिस उपायुक्त को दी थी शिकायत
नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी ने 14 अक्टूबर को पुलिस उपायुक्त को शिकायत भेजी थी। इसमें डाटा एंट्री ऑपरेटर राजेश मल्होत्रा पर डीएनबी स्टाइपेंड बिलों की प्रक्रिया में अनियमितता और सरकारी धनराशि के संदिग्ध हस्तांतरण के आरोप लगाए गए थे। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की थी। कमेटी की प्रारंभिक जांच में स्टाइपेंड बिलों में बदलाव और बैंक खातों के माध्यम से सरकारी रकम के हस्तांतरण से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस से आपराधिक पहलू की जांच कराने का अनुरोध किया था। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
विज्ञापन

पत्नी के दोनों खातों में मिले 3.77 करोड़ रुपये
इस मामले में आरोपी राजेश मल्होत्रा की पत्नी सीमा रानी की अग्रिम जमानत याचिका भी जिला अदालत खारिज कर चुकी है। प्रारंभिक जांच के अनुसार सरकारी खजाने से निकाली गई कथित रकम राजेश मल्होत्रा और उसकी पत्नी के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। जांच में सीमा रानी के एक बैंक खाते में 3 करोड़ 38 लाख 62 हजार 555 रुपये और एचडीएफसी बैंक के खाते में 39 लाख 6 हजार 445 रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई थी। दोनों खातों में कुल 3 करोड़ 77 लाख 69 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने का आरोप है। अब पुलिस की जांच इस रकम के स्रोत, हस्तांतरण और आगे हुए लेन-देन पर केंद्रित है। रिमांड के दौरान यह भी स्पष्ट करने का प्रयास होगा कि इतनी बड़ी रकम के कथित हस्तांतरण में और कौन-कौन शामिल था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें