पहले नकदी और गहने ले उड़े थे चोर, अब गैस सिलेंडर चोरी होने से परिवार में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। कालका में बंद पड़े एक मकान को अज्ञात चोरों ने फिर निशाना बनाया है। चोर मकान का ताला तोड़कर घर में घुसे और घरेलू गैस सिलिंडर चोरी कर ले गए। इससे पहले भी इसी मकान में चोरी की वारदात हो चुकी है, जिसमें नकदी और आभूषण चोरी किए गए थे।
जानकारी के अनुसार ठाकुर द्वारा मंदिर के पीछे काली माता मंदिर क्षेत्र निवासी आशा रानी का परिवार पिछले कुछ समय से घर से बाहर रह रहा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर बंद मकान में घुस गए।
परिवार के सदस्य मानव ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और रसोई में रखा घरेलू गैस सिलिंडर गायब मिला। मानव ने बताया कि इससे पहले भी चोर उनके घर से अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए थे। लगातार दूसरी बार चोरी की घटना से परिवार में दहशत का माहौल है।