सेक्टर-38 सड़क हादसे मे ट्रक के नीचे दबी साइकिल
- फोटो : 27cty1011.JPG
सेक्टर-38 स्थित शाहपुर लाइट प्वाइंट पर उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब एक 16 वर्षीय छात्र म्यूजिक क्लास अटेंड करने जा रहा था। इसी बीच एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में लिया और उसकी साइकिल टायर के नीचे आ गई। हादसे में वह बाल-बाल बच गया, जबकि साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो मलोया थाना पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है। बताया गया कि 16 वर्षीय चिराग मलोया में म्यूजिक सीखता है। रोजाना की तरह वह साइकिल से म्यूजिक की कोचिंग लेने जा रहा था। सेक्टर-38 के पास पहुंचा तो एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में लिया। इस दौरान वह साइकिल अलग होकर सड़क पर जा गिरा। उसे मामूली चोटें आई हैं। उसे जीएमएसएच 16 ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। गनीमत रही कि हादसे में वह बाल बाल बच गया, जबकि साइकिल अगले टायर के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।