पंचकूला। डीजे पर बारिश के समय तिरपाल डालने के दौरान करंट लगने से मोहम्मद गफ्फार (26) की मौत हो गई। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मोहम्मद तालीम निवासी सेक्टर-19 की शिकायत पर आरोपी शाह गिल पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहम्मद तालीम ने बताया कि वह डीजे लगाने का काम बतौर मजदूर करते हैं। 28 अगस्त को वह अपने साथी मोहम्मद गफ्फार, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद मजलुब के साथ होटल गोल्डन टुलिप मोरनी रोड पंचकूला में हैरी डीजे के मालिक हेरी गिल के कहने पर होटल गोल्डन टुलिप में गए थे। होटल में रात 7 बजे तक डीजे का सामान लगाया गया। वहां पर पार्टी 8 बजे शुरू होनी थी। 28 अगस्त को रात 8 बजे बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होने के बाद होटल में खड़े हैरी के भाई शाह गिल ने मोहम्मद तालीम, मोहम्मद गफ्फार, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद मजलुब से कहा कि डीजे के ऊपर तिरपाल डाल दो, जिस पर चारों ने कहा कि बिजली का कनेक्शन काट दो। इस पर शाह गिल ने बिजली का कनेक्शन नहीं काटा तभी तिरपाल डालते हुए मोहम्मद गफ्फार को करंट लग गया। वह आठ फीट की दीवार से नीचे गिर गया और तड़पने लगा। मोहम्मद नसीम सहित सभी लोग उसे गाड़ी में डालकर सेक्टर-6 सिविल अस्पताल ले आए। जहां पर डॉक्टरों की टीम ने मोहम्मद गफ्फार को मृत घोषित कर दिया गया। मोहम्मद तालीम ने आरोप लगाया कि मोहम्मद गफ्फार की जान शाह गिल की ओर से बिजली नहीं बंद करने के कारण हुई है।
केस नहीं दर्ज करने पर किया हंगामा
चंडीमंदिर थाने के बाहर आए मृतक मोहम्मद गफ्फार के भाई मोहम्मद जब्बार और उनकी पत्नी सबीना ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में केस नहीं दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके भाई की मौत शाह गिल की ओर से लाइट बंद नहीं कराने के कारण हुई है। इस पर सख्त कार्रवाई की जाए। जबकि पुलिस की ओर से कहा गया कि मामले की शिकायत देने पर केस दर्ज किया है। इस मामले में आरोपी शाह गिल को गिरफ्तार कर लिया गया है।