आरोपी की निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा बरामद
अदालत में पेशी के बाद आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-1 ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें और एक एक्टिवा बरामद की गई हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पिछले करीब 10 दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों से छह दुपहिया वाहन चुराए थे।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि 23 जुलाई को सेक्टर-14 थाना पुलिस को सेक्टर-15 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके कार्यालय के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने इंचार्ज पीएसआई विजय के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सुभाष बडराई को गिरफ्तार कर लिया। अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलावा चार अन्य मोटरसाइकिलें और एक एक्टिवा भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी पंचकूला के विभिन्न रिहायशी इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।