पंचकूला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने मंगलवार को सेक्टर-1 के लोक निमार्ण गृह में सीएससी दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यअतिथि के रूप में शिरकत की और कहा कि हरियाणा को डिजिटल बनाने में सीएससी संचालकों की अहम भूमिका है। इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने इस मौके पर मौजूद सीएससी (काॅमन सर्विस सेंटर) के संचालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में चल रहे 27 हजार सीएससी केंद्र संचालकों की बड़ी भूमिका है। सीएससी संचालक न केवल शहरी क्षेत्रों में बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी पंचायत स्तर पर सेवाएं दे रहे हैं। सभी 22 जिलों की ग्राम पंचायतें सीएससी नेटवर्क से जुड़ी हैं और सीएससी के माध्यम से दो हजार महिला ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल उद्यमिता को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को पैन, जाति, निवास प्रमाणपत्र, पासपोर्ट जैसी सेवाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नही काटने पड़ते और अब गांवों में ही ये सब सेवाएं उपलब्ध हैं।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि सीएससी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारत के डिजिटल भविष्य की दिशा में ग्राम से राष्ट्र तक के बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में सीएससी का योगदान वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन, राशन वितरण, टेलीमेडिसिन सेवाएं, और आरोग्य सेतु एप की जागरूकता जैसे अहम कार्यों में सीएससी की भूमिका उल्लेखनीय रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार एवं सीएससी के संयुक्त प्रयास से अंत्योदय सरल पोर्टल, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, फैमिली आई डी, प्रॉपर्टी आईडी, एवं डिजिटल हरियाणा मिशन को सीएससी नेटवर्क से जोड़ा गया है।
हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल, विधि एवं विधायी विभाग के राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सीएससी दिवस पर सभी जिलों से आए सीएससी प्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल इंडिया का विजन दिया, जिसको साकार करने में सीएससी के प्रतिनिधियों ने अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर पूर्व इंडियन फोरेस्ट आफिसर अमरेंद्र कौर, सीएससी के स्टैंड हेड आशीष शर्मा और सीएससी परिवार के तीन हजार सदस्यों ने भाग लिया।