जीरकपुर/डेराबस्सी। पंजाब सरकार ने अवैध कॉलोनियों में प्लॉटों के पंजीकरण के लिए 28 फरवरी तक एनओसी जारी की। सरकार द्वारा दी गई ढील के अंतिम दो दिनों में जीरकपुर और डेराबस्सी में पंजीकरण कराने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। तहसीलों में लोगों की भीड़ को देखते हुए मोहाली जिला प्रशासन ने डेराबस्सी और जीरकपुर में रजिस्ट्री के लिए स्लॉट सामान्य दिनों से बढ़ा दिए थे।
सामान्य दिनों में डेराबस्सी और जीरकपुर में 150 तक पंजीकरण हो सकते हैं। लेकिन भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पिछले दिनों 27 और 28 फरवरी के लिए स्लॉट की संख्या 300-300 बढ़ा दी थी। डेराबस्सी तहसील में तहसीलदार बीरकरण सिंह ने वीरवार रात 11:30 बजे तक 291 पंजीकरण किए। जीरकपुर में नायब तहसीलदार हरिंदर सिंह पुनिया ने वीरवार देर शाम तक 191 रजिस्ट्रेशन किए थे। इसी तरह शुक्रवार को भी डेराबस्सी और जीरकपुर की तहसीलों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
रजिस्ट्री कराने की तिथि 6 महीने बढ़ी
पंजाब सरकार की ओर से आज दोपहर अवैध कॉलोनियों में पंजीकरण अवधि को छह महीने बढ़ाकर 31 अगस्त करने की घोषणा से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। तहसील में रजिस्ट्री करवाने आए लालड़ू निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसे अवैध कॉलोनी में लंबे समय से निवेश किया हुआ प्लॉट बेचना है और उस पैसे से अपनी बेटी की शादी करनी है।
तहसीलों में व्यवस्थाओं का अभाव
तहसीलों में भारी भीड़ के चलते व्यवस्थाओं का अभाव देखने को मिला। बैठने की उचित व्यवस्था न होने के कारण बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे इधर-उधर धक्का-मुक्की में परेशान होते रहे। रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली होने के बावजूद अव्यवस्था हावी रही। तहसीलदार कक्ष और प्रतीक्षा कक्ष में इतने लोग एकत्र हो गए कि खड़े होने और घूमने के लिए जगह नहीं बची।