पंचकूला। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 25 से 30 अप्रैल तक ‘किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंधी सीएससी जिला प्रबंधक पंचकूला संजीव कुमार ने बताया कि सीएससी एसपीवी, कृषि विभाग एवं फसल बीमा कंपनी के माध्यम से संयुक्त रूप से जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीएससी केंद्र संचालकों की ओर से उक्त विशेष पाठशाला का आयोजन 24 अप्रैल को किया जाएगा। इस पाठशाला में किसानों को सभी लाभकारी योजनाओं के बारे में बताने के साथ ही किसान सम्मान राशि पाने वाले किसानों की ई-केवाईसी (मालब) भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके साथ-साथ फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि विज्ञान केंद्र एवं सीएससी के माध्यम से प्राप्त होने वाली अन्य किसान योजनाओं को विस्तार पूर्वक बताया जाएगा। इसके मद्देनजर 27 अप्रैल को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की ओर से वेबकास्ट से संबोधन के साथ ‘किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी’ अभियान के अंतर्गत सीएससी केंद्रों पर आयोजित फसल बीमा पाठशाला का शुभारंभ किया जाएगा और किसानों के लिए शुरू की गई अन्य लाभकारी योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी जाएगी।