पंचकूला। अपराध प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के लिए पंचकूला पुलिस करीब 100 सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क तैयार कर रही है। इसमें 40 एएनपीआर और 60 अन्य कैमरे शामिल होंगे। कैमरों के जरिए राज्य राजमार्गों, बाजारों और अपराध की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
इससे अपराध की रोकथाम के साथ वारदात के बाद आरोपियों और संदिग्ध वाहनों की पहचान में भी मदद मिलेगी। कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर आधारित नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। करीब 25 किलोमीटर फाइबर बिछाने की योजना है, जिसमें कई किलोमीटर काम पूरा हो चुका है।
कई स्थानों पर कैमरे लगाने का काम भी शुरू किया गया है। कैमरों की स्थापना के लिए उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां आपराधिक मामले अधिक सामने आते हैं या लोगों की आवाजाही ज्यादा रहती है। राज्य राजमार्ग, प्रमुख बाजार और अन्य संवेदनशील स्थान भी निगरानी में शामिल किए जा रहे हैं।
परशुराम चौक, सेक्टर-16, लेबर चौक समेत अन्य स्थानों पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरों के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी किए जाएंगे। कैमरों की निगरानी और संचालन क्राइम यूनिट के नियंत्रण में रहेगा।
कैमरों से प्राप्त फुटेज का इस्तेमाल अपराध की जांच और संदिग्ध वाहनों या व्यक्तियों की पहचान में किया जा सकेगा। 40 एएनपीआर कैमरों से वाहनों की नंबर प्लेट की पहचान की जा सकेगी। वाहन की आवाजाही का पता लगाना आसान होगा। संवाद