शनिवार को सेक्टर-20 फ्लाईओवर पर चंडीगढ़ मक्खन माजरा के तीन युवकों ने पहले टक्कर मारी फिर कार मालिक पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पिस्टल के बट से उनकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। तीनों आरोपी युवकों के नाम पते पुलिस ने हासिल कर लिए हैं। ये जानकारी थाना सेक्टर-20 के प्रभारी यशदीप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत मिलने के बाद सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश चंद को जांच सौंपी गई थी। जांच अधिकारी ने हमलावरों के घरों पर छापेमारी की, लेकिन तीनों आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े।
जांच अधिकारी प्रकाश चंद के मुताबिक शनिवार को पंचकूला वासी मनजीत सिंह, मां इंद्रजीत कौर और बेटी रिया (ढाई वर्ष) के साथ जीरकपुर से पीरमुछल्ला की ओर कार से जा रहे थे। इसी दौरान एक कार चालक ने शिकायतकर्ता मनजीत की कार में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद तीन युवक कार से उतरे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने पिस्टल के बट से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और मारपीट की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी नंबर को ट्रेस कर उसके बारे में पता लगा लिया है। जांच अधिकारी के मुताबिक आरोपियों के नाम जसपाल, गुरविंद्र और बलविंद्र है। उन्होंने दावा किया कि तीनों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।