नशे में चालान करने पहुंचे अधिकारी को थाने पहुंचाया
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-4 स्थित योजना भवन के एक क्लास वन अधिकारी को शराब पीकर चालान काटना महंगा पड़ गया। हुआ यूं कि अधिकारी सोमवार दोपहर सेक्टर 11 की मार्केट में नशे की हालत में चालान काटने पहुंच गए। पॉलीथिन का प्रयोग कर रहे दुकानदारों पर रौब झाड़ने और बदसलूकी करने लगे।
दुकानदारों को नशे में होने का शक हुआ और अधिकारी को दुकान में बैठाकर पुलिस बुला ली। मौके पर पुलिस पहुंची तो दुकानदारों ने अधिकारी को हवाले कर दिया। पुलिस ने अधिकारी का मेडिकल कराया तो स्पष्ट हो गया कि अधिकारी नशे की हालत में था।
बता दें कि शहर को पॉलीथिन फ्री करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सरकार की ओर से पावर दी गई है, जिसमें से एक योजना भवन सेक्टर 4 के डिस्ट्रिक स्टेस्टीकल आफिसर मोहिंद्र लोच भी हैं। मोहिंद्र लोच सोमवार को ड्यूटी का निर्वाह करनेे सेक्टर 11 की मार्केट में पहुंचे।
उन्होंने दुकानों में चेकिंग की। चेकिंग के दौरान उन्होंने पॉलीथिन देखा तो भड़क गए। दुकानदारों को धमकाने के साथ बदसलूकी करनी शुरू कर दी। बदसलूकी और लोच के मुंह से शराब की बदबू आने पर दुकानदारों को शक हो गया। उन्होंने सेक्टर 10 पुलिस चौकी में सूचना दी।
पुलिस लोच को अपने साथ चौकी ले गई। जहां पूछताछ की तो लोच के नशे में होने का शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में नशे में होने की बात सामने आई। सेक्टर 5 थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि डिस्ट्रिक स्टेस्टीकल ऑफिसर योजना भवन मोहिंद्र लोच सेक्टर 11 में पॉलीथिन के प्रयोग पर चालान काटने गए थे।
दुकानदारों ने सूचना दी कि एक अधिकारी नशे में है और बदसूलकी कर रहा है, जिसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल करवाया। मेडिकल में नशे की पुष्टि हुई है। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेज दी जाएगी।