इस मामले में 13 अप्रैल 2021 को निशा चौधरी निवासी विक्टोरिया टावर जीरकपुर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह एकलव्य एस्टेट में काम करती हैं। निशा ने बताया था कि 13 अप्रैल को दोपहर 3.10 बजे वह अपने ड्राइवर सतविंद्र सिह उर्फ सोनू और बेटे के दोस्त राहुल के साथ देहरादून जा रही थी। क्रेटा गाड़ी में निशा चौधरी पीछे की सीट पर थीं और राहुल आगे की सीट पर बैठा था। जैसे ही उनकी गाड़ी रायपुररानी से करीब 6 किलोमीटर आगे नारायणगढ़ की ओर गई तो उनकी गाड़ी के आगे एक शेवरले गाड़ी आकर रुकी। उस गाड़ी से तीन व्यक्ति उतरे।
उन्होंने सतविंद्र और राहुल को थप्पड़ मारा। इसके बाद पिस्तौल दिखाकर क्रेटा गाड़ी अपने कब्जे में ले ली और पिस्तौल व चाकू की नोक पर गाड़ी को फटाफट नारायणगढ़ की ओर ले जाने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि सभी कह रहे थे कि उन्होंने उसकी हत्या करने के लिए उसका अपहरण किया है। इसके बाद उसके दाहिनी तरफ बैठे एक व्यक्ति ने उसको थप्पड़ मारा। इतने में ही उसका ड्राइवर बोला, इसको गोली मार दो या इसका गला काट दो।
महिला ने अपनी शिकायत में लिखवाया है कि इसके बाद कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने उसके सिर पर पिस्तौल तान दी और उसके दाहिनी तरफ बैठे व्यक्ति ने उसके पांच क्रेडिट कार्ड और एटीएम छीन लिए और उनके पिन भी पूछे। आरोपियों ने उसके दो मोबाइल, गले में पहनी सोने की चेन, चार लाख नकद रुपये, हीरे का झुमका, हाथ में पहनी सोने की अंगूठी, एक टाइटन घड़ी और हीरे की दो अंगूठी छीन ली। इसके बाद इन सभी ने गाड़ी को जगंल में रोका और उसको गाड़ी से धक्का देकर नीचे फेंककर कार समेत भाग गए। उसने रायपुररानी थाने में मामला दर्ज करवाया था।
डीसीपी पंचकूला मोहित हांडा ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने मुस्तैदी के साथ काम करते हुए ड्राइवर और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही महिला से छीनी गई क्रेटा गाड़ी बरामद कर ली है। इस मामले में आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।