अबोहर के व्यवसायी से गन प्वाइंट पर लूटी कार
सेक्टर-35 फूल मार्केट के पास टी प्वाइंट के नजदीक वारदात, मारपीट कर वेरना कार लूटी
पहले कार को टक्कर मारी, फिर मारपीट के बाद किए हवाई फायर
होटल मेट्रो में दो दोस्तों को छोड़कर मोहाली निवासी दोस्त के पास लौट रहे थे विक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-35 में पंजाब नंबर की क्रेटा कार सवार दो लुटेरों ने अबोहर के एक बिजनेसमैन की टेम्परेरी नंबर वेरना कार लूट ली। घटना वीरवार रात दो बजे की है। फूल मार्केट के थोड़ा आगे टी-प्वाइंट के नजदीक लुटेरों ने किन्नू व्यवसायी की कार में पहले पीछे से टक्कर मार दी। जब वह कार को देखने बाहर निकले तो लुटेरे मारपीट करते हुए दो हवाई फायर कर गाड़ी लूटकर फरार हो गए। लुटेरे बिजनेसमैन का कार में रखा मोबाइल भी साथ ले गए। विक्रम अपने दो दोस्तों को होटल मेट्रो में छोड़ने के बाद अपने मोहाली में रह रहे दोस्त के पास वापस जा रहे थे।
लुटेरों के फरार होने के कुछ ही देर बाद बिजनेसमैन ने सेक्टर में पेट्रोलिंग कर रहे पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। इसकी खबर मिलते ही सेक्टर-36 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर नसीब सिंह और साउथ डिवीजन के डीएसपी दीपक यादव मौके पर पहुंचे। किन्नू व्यवसायी विक्रम ने पुलिस को बताया कि हमलावर लुटेरों में एक केसधारी था।
होटल मेट्रो में दोस्तों को छोड़कर मोहाली जा रहे थे विक्रम
विक्रम ने बताया कि वह अपने मोहाली निवासी दोस्त रतन के पास ठहरे हैं। अमृतसर और खरड़ निवासी दो दोस्त उनसे मिलने आए थे। वे दोनों सेक्टर-43 के होटल मेट्रो में ठहरे थे। दोनों दोस्तों ने अपनी-अपनी गाड़ियां होटल के बाहर ही पार्क कीं और फिर वे तीनों वेरना कार में इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एलांते मॉल गए। विक्रम ने बताया कि रात करीब एक बजे एलांते से लौटकर उन्होंने दोनों दोस्तों को होटल मेट्रो में छोड़ा और फिर अकेले कार से करीब पौने दो बजे मोहाली फेज-2 निवासी दोस्त रतन के पास जा रहे थे।
कार को टक्कर मारकर रोका
विक्रम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सेक्टर-35 की फूल मार्केट से आगे टी-प्वाइंट पर पहुंचे ही थे कि क्रेटा कार सवार दो युवकों ने उनकी नई गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। नुकसान देखने के लिए वह नीचे उतरे तो आरोपियों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी और फिर दो हवाई फायर कर गन प्वाइंट पर उनकी वेरना कार लूटकर फरार हो गए। पुलिस को कार में रखा विक्रम का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। विक्रम ने पुलिस को बताया कि वह लुटेरों की कार का अधूरा नंबर पीबी22--- ही नोट कर सके। सेक्टर-36 थाने की पुलिस ने आरोपियों पर आईपीसी की धारा-392 सहित आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लेकिन न तो पुलिस को मौका-ए-वारदात के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरे लगे मिले और न ही फिलहाल कोई अन्य अहम सुराग हाथ लगे हैं।
डीएवी स्कूल के छात्र रहे हैं विक्रम
लुटेरों का निशाना बने विक्रम ने बताया कि उनकी स्कूल व कॉलेज की शिक्षा चंडीगढ़ से हुई है। उन्होंने डीएवी कॉलेज से ही शिक्षा हासिल की और सहपाठियों से मिलने के लिए चंडीगढ़ आते-जाते रहते हैं।