नशे के विरोध में पीजीआई के टावर पर चढ़े किसान
शाम 6.15 बजे की घटना, पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीजीआई के गेट नंबर-3 के पास तब हंगामा शुरू हो गया, जब पंजाब के संगरूर से आए कुछ किसान टावर पर चढ़ गए। हालांकि टावर पर चढ़ते ही तेज बारिश शुरू हो गई। इसके चलते उन्हें नीचे उतरना पड़ा। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीजीआई चौकी पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना वीरवार शाम करीब सवा 6 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि पीजीआई के गेट नंबर-3 के पास कुछ लोग टावर पर चढ़े हैं। सूचना मिलते ही पीजीआई चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पूछताछ में किसानों से सामने आया कि उन्हें सेक्टर-25 जाना था, लेकिन वह गलती से पीजीआई के गेट नंबर-3 के पास पहुंच गए। वे सभी पंजाब के संगरूर निवासी हैं। उन लोगों की मांग थी कि पंजाब में नशा तेजी से बढ़ता जा रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा है।
साथ ही उन्होंने पानी की कमी का भी मुद्दा उठाया। मामले में पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।