विदेश भेजने का झांसा देकर बाप-बेटे ने लाखों ठगे
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला, गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। विदेश भेजने का झांसा देकर बाप-बेटे की ओर से लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। घग्गा थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
निर्मल सिंह निवासी वार्ड नंबर 10 घग्गा ने पुलिस को बयान दिया है कि वह अपने बेटे को विदेश भेजकर वहां काम दिलाना चाहता था। इसी दौरान वह दविंदर सिंह और उसके बेटे चरनजीत सिंह निवासी घग्गा के संपर्क में आया। आरोपी बाप-बेटे ने शिकायतकर्ता निर्मल सिंह को झांसा दिया कि वह उसके लड़के कुलदीप सिंह का टूरिस्ट वीजा भी लगवा देंगे और वहां विदेश में काम भी लगवा देंगे। इसके लिए उसे सात लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे। सौदे की तय राशि शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खाते में जमा भी करा दी। बाद में आरोपी बाप-बेटे ने न तो निर्मल सिंह के लड़के को विदेश भेजा और मांगने पर पैसे भी वापस नहीं किए। पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।