ठगों ने ऐंठ लिए 13 हजार, पुलिस को दी लूट की सूचना
कागज के बंडल में डेढ़ लाख रुपये बताकर ले लिए 13 हजार
बैंक में रुपये जमा कराने आए सलाउद्दीन के साथ हो गई ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-26 स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप से एक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर गन प्वाइंट पर 40 हजार रुपये लूट की सूचना दी। सेक्टर-26 थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ताल में मामला ठगी का निकला।
सेक्टर-26 बापूधाम कालोनी निवासी सलाउद्दीन ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक में 13 हजार रुपये जमा कराने के लिए लाइन में लगा था। तभी दो अज्ञात युवक उसके पास आए और कुछ ही देर में उससे घुल मिल गए। इसके बाद उसे लेकर सेक्टर 17 चले गए। वहां उसे 13 हजार रुपये ले लिए और एक पैकेट पकड़ाकर बोले इसमें डेढ़ लाख रुपये हैं। वह इन्हें लेकर बैंक पहुंचे, हम भी वहीं आ रहे हैं। काफी देर तक जब दोनों युवक नहीं पहुंचे तो सलाउद्दीन ने बंडल खोलकर देखा। उसमें नोटों के आकार के कागज रखे हुए थे। इस पर उसने तुरंत पुलिस को लूट की सूचना दे दी।
पुलिस ने बताया कि मामला गन प्वाइंट पर लूट का नहीं बल्कि धोखाधड़ी का था। अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बैंक में लगे सीसीटीवी की फुटेज से ठगों की पहचान की जाएगी।