नयागांव के आदर्श नगर में बिजली-पानी का संकट, लोग परेशान
जेई नहीं दे पाए स्पष्ट जवाब, शनिवार सुबह से गुल है बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। नयागांव के आदर्श नगर में निरंकारी भवन रोड से सफेदा कॉलोनी तक के हिस्से में दो दिन से बिजली पूरी तरह ठप है। इससे पानी का संकट भी गहरा गया है। स्थानीय लोगों में जेई व अन्यों के खिलाफ रोष है। लोगों के आरोप हैं कि बिजली सप्लाई ठप होने पर उन्होंने जेई बलप्रीत से संपर्क किया लेकिन जेई ने टाल-मटोल कर उन्हें महज झूठा आश्वासन ही दिया।
जेई ने पहले ट्रांसफार्मर खराब होने की बात कही और फिर अन्य कारण गिनाने लगे। लोगों ने बताया कि बीते शनिवार की सुबह करीब दस बजे बिजली गुल हुई और शनिवार देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। बिजली कट लगने से पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी को दोगुना कर दिया। इससे मकानों की ऊपरी मंजिलों पर मोटर से पानी भी नहीं चढ़ाया जा पा रहा है।