हेरोइन-चिट्टा भी सप्लाई करता था दिलप्रीत
सेक्टर 38 में एक महिला के घर रह रहा था
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गैंगस्टर दिल्रपीत की कार से एक तीस बोर की पिस्टल, 28 कारतूस, 12 बोर के 59 कारतूस, एक कारतूस डालने वाली बेल्ट, नकली दाढ़ी-मूंछ, दो जाली नंबर प्लेट, फॉयल-पेपर, लाइटर, तीन हॉकी व एक रॉड बरामद हुई है। एसएसपी ने बताया कि दिलप्रीत लंबे समय से चंडीगढ़ के सेक्टर-38 के मकान नंबर-2567 में अपनी जानकार महिला रूपिंदर कौर के पास रह रहा था। यहां से दिलप्रीत गैंगस्टरों को चिट्टा व अन्य नशीली गोलियां सप्लाई करता रहा है।
महिला साथी के घर से एक किलोग्राम हेरोइन व हथियार बरामद
गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा ने अपने हथियार और नशा सामग्री अपनी महिला साथी व उक्त आरोपी रूपिंदर कौर की बहन हरप्रीत कौर के नवांशहर के वाहेगुरु नगर स्थित घर पर रखी थी। हरप्रीत कौर भी दिलप्रीत को लंबे समय से पनाह दिए हुए थी। पुलिस ने उसके घर से बोर पंप एक्शन रायफल, एक पिस्टल समेत 40 कारतूस, एक किलोग्राम हेरोइन, नशा तोल के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और फोन बरामद हुए हैं। बरामदगी होने पर एआईजी वरिंदर पाल सिंह के अधीन थाना एसएसओसी, मोहाली में मंगलवार को आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया।