एक्टिवा सवार आईटी छात्रा की टक्कर से घायल महिला की मौत
-बापू धाम लाइट प्वाइंट के पास बीते सोमवार को हुआ था हादसा
-पीजाआई में चल रहा था महिला का इलाज, बुधवार देर रात तोड़ा दम
-मृतका की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने छात्रा को किया गिरफ्तार, जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित बापू धाम लाइट प्वाइंट के पास बीते सोमवार रात एक्टिवा सवार आईटी छात्रा की टक्कर से जख्मी हुई महिला ने पीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा उस वक्त हुआ था जब महिला अपनी बेटी के साथ मार्केट में शॉपिंग के लिए जा रही थी। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पीजीआई पहुंचाया, जहां बुधवार देर रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान हिमाचल के ऊना निवासी रोशनी (60) के रूप में हुई है। मृतका की बेटी रानी की शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने सेक्टर-29 निवासी एक्टिवा चालक मानसी के खिलाफ आईपीसी की धारा 279,337 और 304ए के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बीते 25 मार्च रात करीब सवा बजे की है। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि बापूधाम लाइट प्वाइंट के पास सड़क हादसा हुआ है। सूचना पर पीसीआर और बापूधाम पुलिस चौकी इंचार्ज परविंदर सिंह अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने फौरन महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस जांच में सामने आया कि रोशनी अपनी बेटी के साथ सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट शॉपिंग करने जा रही थी। बापूधाम लाइट प्वाइंट के पास सड़क पार करने लगी तो इस दौरान एक्टिवा (सीएच01वाई 6599) ने उसे टक्कर मार दी। महिला बीच सड़क पर गिरकर बुरी तरह लहूलुहान हो गई। पुलिस की मदद से उसे पीजीआई में भर्ती करवाया गया, जहां बीते बुधवार रात उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने एक्टिवा चालक युवती को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि एक्टिवा चालक मानसी आईटी की छात्रा है। वह एक्टिवा से अपने घर की ओर लौट रही थी तो इस दौरान हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।