चंडीगढ़। सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन में तैनात हेड कांस्टेबल बलबीर चंद को सस्पेंड कर दिया गया है। आला अधिकारियों का कहना है कि अफसर की बात नहीं मानने पर उसे सस्पेंड किया गया है। साथ ही पुलिस विभाग ने हेड कांस्टेेबल पर डिपार्टमेंट इंक्वायरी खोल दी है।
सूत्रों के अनुसार हेड कांस्टेबल बलबीर की बीते 16 अप्रैल को ड्यूटी थी। अगली सुबह जब उनके जाने का वक्त हुआ तो इस दौरान सेक्टर-27 में चोरी का केस सामने आया। केस में बलबीर चंद आईओ था। वीरवार सुबह चोरी के केस में आरोपी को मौलीजागरां थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके बाद सेक्टर-26 थाना प्रभारी पूनम दिलावरी ने बलबीर को कहा कि आरोपी को वारंट पर लेकर आओ। आरोप है कि इसी बात को लेकर हेड कांस्टेबल ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद उसकी रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी ऑफिस भेज दी गई। बाद में उसे सस्पेंड कर दिया गया।