चंडीगढ़। सेक्टर-35 स्थित किसान भवन के पास बुधवार देर रात टाइल्स से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टाइल्स सड़क पर बिखर गईं, जबकि चालक और कंडक्टर बाल-बाल बच गए। ट्रक पूरी रात बीच सड़क पर पड़ा रहा। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सड़क पर जाम लगना शुरू हो गया। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मामले की सूचना पर पहुंची सेक्टर-36 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना बुधवार देर रात करीब 2.30 बजे की है। ट्रक नंबर (एचआर45 बी6195) पर टाइल्स लोड थी। रात को ट्रक मुल्लांपुर में टाइल्स की सप्लाई देने जा रहा था। पुलिस का कहना है कि ट्रक सेक्टर-35 स्थित किसान भवन के पास पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलटी खा गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ। ट्रक में लोड टाइल्स टूट कर बीच सड़क पर बिखर गईं। मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। बताया गया ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर बाल-बाल बच गए। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।