फेसबुक से हुई दोस्ती और फिर शादी का झांसा देकर होटल में दुष्कर्म
कुछ समय पहले हुई थी दोनों में पहचान, युवक ने किया था शादी का वादा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। फेसबुक के जरिए युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इतना ही जब युवती ने इसका विरोध किया तो युवक उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। इससे परेशान होकर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इंडस्ट्रियल थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और 506 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में 21 वर्षीय युवती ने बताया कि उसकी कुछ समय पहले फेसबुक के जरिए हरियाणा निवासी मनीष से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत करना शुरू कर दिया। इस दौरान मनीष ने उसे अपने झांसा में लिया और शादी करने का वादा कर उसे इंडस्ट्रियल एरिया के एक होटल में बुलाकर उससे दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं जब इसका विरोध किया तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। साथ ही शादी से इंकार करने लगा। इससे परेशान होकर उसने घटना की जानकारी परिजनों को बताई। मामले की सूचना सेक्टर-9 स्थित पुलिस हेडक्वार्टर में दी गई। शिकायत के बाद इंडस्ट्रियल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस अब पीड़िता के 164 के तहत बयान करा रही है।