हरियाणा में सिपाही भर्ती फर्जीवाड़े में पुलिस अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों ने रिमांड के दौरान खुलासा किया कि हिसार निवासी रामफल शर्मा ने तीन अभ्यर्थियों से 33 लाख रुपये कैश लेकर दो की परीक्षा खुद दी और एक की दोस्त से दिलाई।
हिसार निवासी राहुल ने रिमांड के दौरान बताया कि उसकी जगह नसीब ने 15 लाख रुपये लेकर परीक्षा दी थी। राहुल ने यह भी खुलासा किया कि फर्जीवाड़े में गिरफ्तार रामफल शर्मा ने झज्जर निवासी नवीन से 15 लाख और कुलदीप से 8 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद नवीन की जगह हिसार और कुलदीप की जगह अंबाला में खुद ही परीक्षा देकर आया था।
वहीं, रामफल ने महेंद्रगढ़ निवासी नवीन कुमार से 10 लाख रुपये लेकर उसकी परीक्षा अपने दोस्त से दिलाई थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि विकास के दोस्त मोनू ने गांव से एक व्यक्ति को बुलाकर 5 लाख रुपये में परीक्षा नीलोखेड़ी में दिलाई थी।
पुलिस ने शनिवार को सेक्टर-5 स्थित बस स्टैंड के पास से गुप्त सूचना पर महेंद्रगढ़ निवासी नवीन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी विजय कुमार नेहरा ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शनिवार को हिसार, जींद और झज्जर में दबिश दी।
शुक्रवार को गिरफ्तार किए चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। यह चारों आरोपी सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में फिजिकल टेस्ट देने आए थे, लेकिन, फिंगरप्रिंट का मिलान न होने पर गिरफ्तार कर लिया गया था। एसीपी ने बताया कि अब तक मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।