कार सवार झपटमार स्कूटर चालक से बैग छीनकर फरार
बैग में कपड़े व कुछ अहम दस्तावेज थे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़
सेक्टर-35/36 की विभाजित सड़क पर मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे कार सवार कुछ अज्ञात युवक एक स्कूटर चालक से बैग छीनकर फरार हो गए। इसके बाद स्कूटर चालक ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। थाना-36 के पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो स्कूटर सवार की पहचान सेक्टर-41 में बतौर किराएदार रहने वाले दीपांकर के रूप में हुई है।
दीपांकर ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली की एक कंपनी में काम करते हैं और दिल्ली जाने के लिए स्कूटर से सेक्टर-17 बस स्टैंड जा रहे थे। उक्त विभाजित सड़क पर पहुंचने पर पंजाब नंबर की एक सफेद रंग की कार में सवार अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। दीपांकर ने बताया कि उनसे डरकर वह कुछ दूरी तक भागे तो आरोपी उनके स्कूटर से उनका बैग उठाकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस को झपटमारों की कार का अधूरा नंबर (पीबी----4658) बताया। शिकायत पर थाना पुलिस ने अज्ञात झपटमारों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सेक्टर-36 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर नसीब सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।