इनोवा लेकर भागे, डीजल खत्म हुआ तो गाड़ी छोड़ बैट्री ले उड़े
-घर के थोड़ी दूर से बरामद हुई गाड़ी, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-30बी में बुधवार की देर रात शहरवासियों को हैरान कर देना वाला एक और मामला सामने आया। शातिर कार चोर पहले तो इनोवा (एचआर 70ए 6864) लेकर फरार हो गए, लेकिन थोड़ी दूरी पर जब गाड़ी में डीजल खत्म हो गया तो उसे खड़ी कर उसमें से बैट्री निकालकर फरार हो गए। इसकी सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल थाना प्रभारी जेड पी खान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पीड़ित लखवीर के परिवार ने बताया कि इनोवा गाड़ी घर के बाहर पार्क की थी। सुबह करीब 8 बजे देखा तो गाड़ी गायब थी। काफी खोजबीन के बाद गाड़ी उन्हें नहीं मिली। दोपहर करीब 1.30 बजे लखवीर के दोस्त का फोन कि उसकी गाड़ी सेक्टर-30 स्थित ग्राउंड के पास खड़ी है। जब परिवार वहां पहुंचा तो पता चला कि गाड़ी से बैट्री चोरी कर ली गई है। परिजनों ने बताया कि गाड़ी में डीजल खत्म होने की वजह से आरोपी गाड़ी छोड़ फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।