हेड कांस्टेबल को धक्का दे फरार चोरी का आरोपी देर रात गिरफ्तार
सबहेड
आरोपी को रिकवरी के लिए पुलिसकर्मी ले गए थे बापूधाम कालोनी
- बापूधाम चौकी पुलिस ने चोरी के केस में लिया था एक दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
चोरी के मामले में एक दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा आरोपी बापूधाम चौकी पुलिस कर्मियों की कस्टडी से फरार हो गया। हालांकि, देर रात पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। आरोपी कस्टडी से उस समय भागा, जब पुलिसकर्मी उसे बापूधाम कालोनी स्थित एक घर से चोरी का सामान बरामद करवाने के लिए ले गए थे। इस दौरान हेड कांस्टेबल अमरजीत सिंह और कांस्टेबल भूपिंदर ने उसका पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी हाथापाई कर भागने में सफल हो गया। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने फरार आरोपी बापूधाम कालोनी निवासी कोमला के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास करते वक्त हेड कांस्टेबल को चोट भी आई है।
जानकारी के अनुसार बापूधाम चौकी पुलिस ने हाल ही में टिंबर मार्केट स्थित एक कार्यालय से मोबाइल चोरी करने के आरोपी में धर्मपाल की शिकायत पर बापूधाम कालोनी निवासी कोमला को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अदालत में पेश किया था और अदालत से उसका एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से चोरी का मोबाइल रिकवर करना था।
रिमांड के दौरान कोमला से चोरी का मोबाइल रिकवर करने के लिए चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल अमरजीत सिंह और कांस्टेबल भूपिंदर उसे साथ लेकर बापूधाम कालोनी स्थित एक घर में लेकर गए और घर की छत पर चढ़ने लगे। हेड कांस्टेबल जैसे ही घर की छत पर चढ़ने लगे तो आरोपी ने उनके पैरों पर धक्का मार उन्हें गिरा दिया। इससे हेड कांस्टेबल सीढ़ियों से नीचे गिर गए। उनके गिरते ही कांस्टेबल उन्हें संभालने लगा तो इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी कोमला वहां से फरार हो गया। हेड कांस्टेबल ने फौरन इसकी सूचना चौकी, थाने समेत आलाधिकारियों को दी। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने आरोपी कोमला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
कोट
पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के फरार होने में उसके साथ गए हेड कांस्टेबल अमरजीत सिंह और कांस्टेबल भूपिंदर की किसी तरह की लापरवाही सामने नहीं आई है। आरोपी उन पर हमला कर भागा है और दोनों ने उसे पकड़ने का प्रयास भी किया। हेड कांस्टेबल को चोट भी आई है। आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, कैदी के भागने का मामला गंभीर है, इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर आला अफसरों को भेजी जाएगी।
- इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, एसएचओ सेक्टर-26