चंडीगढ़। गाड़ी चलाने के शौक ने दो नाबालिगों को चोर बना दिया। अपना शौक पूरा करने के लिए दोनों नाबालिग घरों के बाहर खड़ी गाड़ियां चुरा लेते थे। शनिवार को दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में दोनों ने गाड़ी चलाने के शौक के चलते वाहन चोरी का खुलासा किया। दोनों को पुलिस ने बाल सुधार गृह भेज दिया है।
शहर में बढ़ती चोरी व स्नैचिंग की वारदातों के बाद पुलिस ने अलग-अलग थानों में विशेष टीमें बनाई हैं। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-52 निवासी फूल सिंह ने 28 जून को सेक्टर-36 थाने में वाहन चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि 27 जून को उन्होंने अपने घर के बाहर बाइक खड़ी की थी, जो चोरी हो गई है। पुलिस ने जांच के बाद दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी की गई बाइक बरामद कर ली। पूछताछ के बाद दोनों नाबालिगों से चोरी की गई एक अन्य बाइक व स्कूटर बरामद हुआ। दोनों पर पहले से कोई केस दर्ज नहीं था।
तेल खत्म होने पर गाड़ियों को वहीं छोड़ देते थे
पुलिस ने पूछताछ के बाद बताया कि दोनों नाबालिग अपना शौक पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे। इसके लिए घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही वाहन को चुरा ले जाते थे। दोनों ने चंडीगढ़ को बेहतर तरीके से जान लिया था ताकि सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचकर चोरी के वाहन को ले जा सकें। खास बात यह है कि जब तक गाड़ी चलती थी तो उसे चलाते थे और जब वाहन में तेल खत्म हो जाता था तो उसे वहीं छोड़कर दोनों फरार हो जाते थे। उसके बाद दूसरे वाहन को चुराने की योजना बनाते थे।
एक कार चोर भी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों नाबालिग के अलावा सेक्टर-52 निवासी रोहित उर्फ छांगा को भी गिरफ्तार किया है। रोहित के पास से पुलिस को एक कार बरामद की है। कार चोरी का सेक्टर-36 थाना में मामला दर्ज है। कार सेक्टर-52 निवासी संदीप कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है। आरोपियों गिरफ्तारी के बाद सेक्टर-36 थाने में दर्ज दो केस सुलझ गए।